थाना रोरावर क्षेत्र स्थित एक मीट फैक्टरी में काम करने वाले कर्मचारी की रविवार को मौत हो गई। पुलिस के अनुसार शरीर पर चोट के निशान नहीं थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हृदयगति रुकना बताया गया है।
रोरावर थाना पुलिस के अनुसार केरल के एर्नाकुलम जनपद निवासी अशरफ (56) मीट फैक्टरी में कर्मचारियों के लिए खाना बनाने का काम करता था। रविवार को उसकी मौत हो गई। कर्मचारियों की सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर पूछताछ की और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इंस्पेक्टर जुगेंद्र सिंह ने बताया कि किसी भी तरह की संदिग्ध स्थिति सामने नहीं आई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया है। मीट फैक्टरी प्रबंधन की ओर से शव मृतक के घर भिजवाने की व्यवस्था की गई है।