पुलिस ने अभद्रता करने वाले दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी अरविंद कुमार का कहना है कि महिला की ओर से इस प्रकरण में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है।
अलीगढ़ में थाना मडराक क्षेत्र के मथुरा रोड पर 13 जुलाई को दो लोगों ने बस में सवार एक महिला से अभद्रता करने के बाद मारपीट की। थाना पुलिस ने बताया कि महिला वृंदावन से परिक्रमा कर मडराक लौट रही थी। मडराक से पहले इगलास के एक होटल पर दोनों आरोपियों ने महिला से बातचीत की थी, जिसके बाद कहासुनी शुरू हो गई।
विज्ञापन
आरोपी महिला के जानने वाले बताए जा रहे हैं। इस कहासुनी के बाद सभी बस में बैठ गए। इसके बाद मडराक थाना क्षेत्र के मथुरा रोड पर पहुंचने ही बस में फिर से दोनों लोगों ने महिला से अभद्रता की। इसके बाद मारपीट कर दी। इस पर बस में मौजूद सवारियों ने पुलिस को बुला लिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने अभद्रता करने वाले दोनों आरोपियों किशनलाल निवासी छतारी बुलंदशहर, आकाश कुमार निवासी पहासू बुलंदशहर को हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी अरविंद कुमार का कहना है कि महिला की ओर से इस प्रकरण में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है।