क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले परिवार के लोगों ने रविवार शाम को कोतवाली के गेट पर आत्मदाह करने की धमकी दी, जिससे पुलिस में खलबली मच गई। परिवार के सात लोगों को हिरासत में लेकर थाना गभाना ले जाया गया, जहां देर रात उनके खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है।
थाना पुलिस ने बताया कि क्षेत्र के एक गांव की 15 वर्षीय किशोरी नौ जुलाई से लापता है, जिसमें किशोरी के पिता ने गांव के चार युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिसमें एक युवक के परिजन उसे झूठा फंसाने का आरोप गांव के कई लोगों पर लगा रहे हैं।
युवक के भाई ने एक वीडियो भी बनाकर वायरल किया है, जिसमें कहा गया है कि उसके भाई को गलत तरीके से फंसाया गया है। रविवार की शाम चार बजे कोतवाली चंडौस के गेट पर परिवार सहित आत्मदाह करेंगे। गांव के कुछ लोग उन्हें साजिश के तहत भगाने चाहते हैं, इसीलिए झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया है।
पुलिस अधिकारियों के वीडियो को संज्ञान में लिए जाने पर एसओ चंडौस और एसओ गभाना पुलिस बल के साथ दोपहर ढाई बजे करीब गांव में पहुंचे और आत्मदाह की धमकी देने वाले परिवार को समझा-बुझाकर लौट आए। शाम करीब पांच बजे पुलिस को फिर सूचना मिली कि परिवार आत्मदाह की धमकी पर अभी कायम है।
इस पर दोनों थानों की पुलिस फिर गांव में पहुंची और वहां से दो महिलाओं और पांच पुरुषों को थाना गभाना ले गई, जहां देर रात सीओ गभाना ने उन्हें समझाया और निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिया। इस पर वह अपनी गलती मान गए और भविष्य में इस तरह की बात नहीं करने की बात कही।
आत्मदाह की धमकी देने वाले परिवार के लोगों को हिरासत में लेकर शांतिभंग में कार्रवाई की गई है। रही बात रिपोर्ट दर्ज होने की तो जांच के दौरान सच्चाई सामने आएगी, उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। संजीव कुमार तोमर सीओ गभाना