अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के सिटी स्कूल के शिक्षक मोहम्मद जुल्फिकार द्वारा संचालित संस्था हमसफर द्वारा एक बेहद गरीब महिला के दिल की एंजियोप्लास्टी के लिए पैसा जुटाया जा रहा है। 55000 रुपये कुल खर्चा होने हैं। जिसके लिए शिक्षक अभी तक 25 हजार रुपये जुटा चुका है। शिक्षक के इस मैराथन प्रयास की स्कूल के साथ-साथ शिक्षक समुदाय में भी चर्चा है।
मोहम्मद जुल्फिकार ने बताया कि इस गरीब महिला की बीमारी का मामला एक परिचित के माध्यम से उन तक आया। परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी खराब है कि सामान्य खर्चों के लिए भी बहुत मशक्कत करनी पड़ती है। उन्होंने व्यक्तिगत प्रयासों से महिला को जेएन मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों को दिखाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद स्टंट डाले जाने की बात कही जो कि बाजार में ही उपलब्ध हैं। निजी अस्पताल में इस तरह के उपचार का खर्चा 2 से 3 लाख रुपये तक आता है, लेकिन जेएन मेडिकल कॉलेज में सिर्फ एंजियोप्लास्टी में लगने वाले छल्लों का ही खर्चा होना था। उन्होंने कुछ व्यक्तिगत प्रयास करके और कुछ परिचितों के माध्यम से पैसा जुटाने की शुरुआत की, जिसके परिणाम अब तक बहुत अच्छे आए हैं। उन्होंने कहा कि पूरी उम्मीद है कि इन निर्धारित पैसे की व्यवस्था हो जाएगी। इसके बाद महिला को तकलीफ से राहत मिल जाएगी।