जलालपुर इलाके में घर के पास ही खाली प्लाट में मिली लाश, मोहल्ले के दो युवकों पर आरोप, एक हिरासत में
- किशोरी के गायब होने के दिन से गायब थे दोनों, अपहरण के बाद हत्या का आरोप
- पोस्टमार्टम में नहीं हुई दुष्कर्म की पुष्टि, गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है
महानगर के देहली गेट थाना क्षेत्र के जलालपुर से चार दिन से लापता 16 वर्षीय किशोरी की अपहरण के बाद गला दबाकर हत्या कर दी गई। रविवार सुबह उसका शव घर के पास ही खाली प्लाट में पड़ा मिला। खबर पर हरकत में आई पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हत्या का आरोप मोहल्ले के ही दो युवकों पर है, जिनके खिलाफ परिवार ने तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करा दिया है। वहीं पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में भी ले लिया है। दूसरा आरोपी अभी फरार है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक पुलिस जांच या आरोपी से पूछताछ में पुलिस हत्या के कारणों तक नहीं पहुंच सकी है। वहीं पोस्टमार्टम के बाद शाम को शव परिवार को सुपुर्द कर दिया गया।
जलालपुर जुबैरा मस्जिद के पास ई-रिक्शा चालक निजामउद्दीन अपने परिवार के साथ रहता है। परिवार में दो बेटे और दो बेटियां के थी। निजामउद्दीन के मुताबिक चार सितंबर की रात एक बजे के करीब सबसे छोटी बेटी समरीन (16) घर से सोते समय अचानक से गायब हो गई। सुबह जागने पर उसके लापता होने की जानकारी मिली। काफी तलाश के बाद भी बेटी का पता नहीं लगा। इसी बीच पता चला कि मोहल्ले के दो युवक आरिफ और आसिफ भी गायब हैं। इस पर पहले ही दिन से उन पर अपहरण का शक था। इसी बीच रविवार की सुबह कुछ पड़ोसियों ने घर से पास ही खाली पड़े प्लाट में एक किशोरी का शव देख परिवार को सूचना दी। मौके पर पहुंच परिजनों ने शव की पहचान बेटी समरीन के तौर पर की। निजमाउद्दीन के अनुसार लापता युवकों में से एक आसिफ का उसके घर पर आना जाना था। उसने अपने दोस्त आरिफ के साथ मिलकर ऐसा क्यों किया इस बात की जानकारी नहीं है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ परिवार की तहरीर पर अपहरण व हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। बेटी पास के ही एक मदरसे में पढ़ने जाती थी। इधर, इस सूचना पर सुबह एसपी सिटी अभिषेक, सीओ विशाल पांडेय, इंस्पेक्टर इंद्रेश सिंह व फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। घंटों जांच पड़ताल की।
पुलिस हिरासत में आसिफ नहीं उगल रहा राज
इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आसिफ को उसके घर से दबोच लिया। थाने पर लाकर घंटों पूछताछ की। मगर, उसने कुछ भी सच्चाई नहीं उगली। पुलिस के अनुसार आसिफ न तो आरिफ का पता बता रहा है और न ही खुद कुछ बोलने को तैयार है। अभी उससे पूछताछ होना बाकी है। उसके बाद ही वजह साफ होगी।
गला दबाकर हत्या की पुष्टि, दुष्कर्म की आशंका पर भेजी स्लाइड
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में समरीन की हत्या शव मिलने से 18 करीब घंटे पहले होने की पुष्टि हुई है। साथ ही उसकी गला दबाकर हत्या किए जाने की भी पुष्टि हो गई है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। मगर परिजनों द्वारा जताई जा रही दुष्कर्म की आशंका को ध्यान में रखते हुए डाक्टरों के पैनल ने स्लाइड बनाकर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दी हैं। वहां से रिपोर्ट आने के बाद भी इस संबंध में कोई पुष्टि हो पाएगी।
निजमाउद्दीन की तहरीर पर आसिफ और आरिफ पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आसिफ से पूछताछ जारी है। आरिफ फिलहाल फरार है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। हत्या क्यों की गई इसकी मूल वजह का पता किया जा रहा है।
- डा. अरविंद कुमार, एसपी क्राइम