अतरौली के गांव खानपुर में 8 मई तड़के करीब 4:00 बजे बिगड़े मौसम के दौरान बिजली गिरने से महेश चंद शर्मा का पक्का मकान भरभराकर गिर गया। मकान में रखा इंजन, चारा काटने की मशीन, अनाज की कुठिया और अन्य सामान मलबे में दब गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
पीड़ित महेश चंद शर्मा ने बताया कि रोजाना की तरह तड़के उन्होंने बरामदे में बंधे मवेशियों को चारा खिलाने के लिए बाहर निकाल दिया था। वही हिस्सा बिजली गिरने से पूरी तरह ढह गया। मलबे में डीजल इंजन, चारा काटने की मशीन, करीब 10 कुंतल गेहूं, बाजरा रखने की कुठिया, चारपाई और घरेलू सामान बकर नष्ट हो गया। महेश चंद ने बताया कि करीब तीन लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। अब परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है।
घटना की सूचना पर लेखपाल और ग्राम प्रधान अनिल चौधरी मौके पर पहुंचे। लेखपाल ने नुकसान का आंकलन कर रिपोर्ट तहसील में भेज दी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद और आवास दिलाने की मांग की है।
ग्राम प्रधान ने बताया कि पिछले दो दिन से क्षेत्र में बादल गरजने के साथ बारिश हो रही है। किसानों और ग्रामीणों से अपील की गई है कि खराब मौसम में पेड़ों और कच्चे मकानों से दूर रहें। तहसीलदार राजेश वर्मा ने कहा कि रिपोर्ट मिलने के बाद आपदा राहत कोष से नियमानुसार मुआवजा दिलाया जाएगा।