अलीगढ़। बन्नादेवी पुलिस ने मंगलवार को रसलगंज से अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया। मछली वाली गली के सामने सड़क पटरी पर रखे दुकानदारों के सामान को नगर निगम के वाहनों में लदवाया तो हंगामा शुरू हो गया। गुस्साई भीड़ ने नगर निगम कर्मचारियों से धक्का मुक्की करते हुए वाहनों में लदा अपना सामान जबरन उतार लिया और पुलिस मूकदर्शक बनी रही। इसके बाद और पुलिस फोर्स बुलाकर अभियान बारहद्वारी तक चलाया गया।
बन्नादेवी पुलिस ने मंगलवार दुपहर में रसलगंज से अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया। इंस्पेक्टर बन्नादेवी अतिक्रमणकारियाें को लगातार चेतावनी दे रहे थे कि दुकान का सामान सड़क पर नहीं अंदर रखें, नहीं तो आज मुकदमा, कल चार्जशीट और परसाें नोटिस झेलना होगा। पुलिस टीम ने मछली वाली गली के पास सड़क पटरी पर रखे दुकानदारों के सामान को नगर निगम की गाड़ी में भरवाना शुरू कर दिया। सामान लोड होते ही भीड़ आक्रोशित हो गई और हंगामा करने लगी। भीड़ नगर निगम के वाहनों में लदे सामान को जबरन उतारना शुरू किया तो निगम कर्मियों ने विरोध किया। इस पर भीड़ ने निगम कर्मियों के साथ धक्का मुक्की हो गई। मामला बढ़ता देख तत्काल फोर्स बुलाई गई। इस दौरान सीओ द्वितीय वीपी सिंह मौके पर पहुंच गए। उन्हाेंने भीड़ को समझाकर शांत किया। पुलिस टीम की जिला अस्पताल के निकट भी दुकानों के बाहर रखे सामान को लेकर हल्की सी नोकझोंक हुई। कुछ दुकानदारों ने यहां तक कह दिया कि ढकेल वाले अतिक्रमण करते हैं। एक सीमा निर्धारित हो जाए तो उससे आगे ढकेल नहीं लगेंगी। इस मार्ग पर जितना भी अतिक्रमण था उसे इंस्पेक्टर बन्नादेवी ने अपने मोबाइल फोन के कैमरे में कैद किया। जिला अस्पताल के बाद अभियान की गति धीमी हुई और बारहद्वारी पर जाकर थम गई।