न्यूज डेस्क, अमर उजाला, ब्यूरो
दि अलीगढ़ बार एसोसिएशन ने एडीजे-द्वितीय के न्यायालय के बहिष्कार का निर्णय लिया है। बार एसोसिएशन ने सीधे-सीधे एलान किया है कि अदालत का बहिष्कार आज गुरुवार से शुरू होकर अनिश्चितकाल तक जारी रहेगा। यह निर्णय अदालत द्वारा वरिष्ठ अधिवक्ता कालीचरण शर्मा संग किए गए अभद्र व्यवहार से आहत होकर लिया गया है। वहीं दीवानी परिसर में जून माह में जमानत व सामान्य कार्यों को छोड़कर बाकी अन्य सभी न्यायिक कार्यों से अधिवक्ता पूरी तरह से विरत रहेंगे।
दि अलीगढ़ बार एसोसिएशन की आमसभा की बैठक बुधवार को दीवानी बार परिसर में हुई। बार एसोसिएशन अध्यक्ष चौ. राजेंद्र सिंह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में वरिष्ठ अधिवक्ता व पूर्व बार वरिष्ठ उपाध्यक्ष कालीचरण शर्मा के शिकायती पत्र पर चर्चा हुई। इसमें कहा गया है कि एडीजे-2 के न्यायालय द्वारा उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया।
खुद कालीचरण शर्मा ने सदन को प्रकरण से अवगत कराया। इस पर सभी के विचार आमंत्रित कर सामूहिक रूप से निर्णय लिया गया कि आज गुरुवार से एडीजे-2 के न्यायालय का सभी अधिवक्ता अनिश्चितकाल तक बहिष्कार करेंगे। जो भी कार्य करता देखा जाएगा, उसके खिलाफ 500 रुपये जुर्माना व अन्य नियमानुसार कार्यवाही होगी।
साथ ही इस प्रकरण के संबंध में उच्च न्यायालय को भी लिखा जाएगा। दूसरा विषय जून माह में जमानत व सामान्य कार्य को छोड़कर अन्य कार्यों से विरत रहने का तय हुआ। इस मौके पर सचिव रामअवतार सिंह सहित तमाम अधिवक्तागण मौजूद रहे।