महत्वाकांक्षी डिफेंस कॉरीडोर इंडस्ट्रियल एरिया के लिए टप्पल भी भूमि स्वीकृत नहीं हुई। जिलाधिकारी ने अब अंडला की लगभग 46 हेक्टेयर भूमि का प्रस्ताव शासन के पास भेजा है। टप्पल की भूमि कीमती होने के कारण अस्वीकृत हुई है।
यूपीईआईडीए की टीम स्थानीय अधिकारियों के साथ स्थल निरीक्षण कर चुकी है। स्थल की उपयोगिता प्रथम दृष्टया अनुपम है। यूपीईआईडीए की सलाहकार दिल्ली स्थित बड़ी कंपनी इसका विस्तृत आंकलन कर रही है।
एफआईएम आश्वस्त है कि अलीगढ़ के उद्यमियों को शासन, प्रशासन एवं यूपीईआईडीए के प्रयासों से एक सुनियोजित औद्योगिक प्रांगण जल्दी ही मिलेगा। उल्लेखनीय है कि एफआईएम, यूपीईआईडीए के नॉलेज पार्टनर का कार्य भली भांति कर रही है।
यूपीईआईडीए के सचिव मुकेश जैन ने बताया कि आगामी 14 नवंबर से 16 नवंबर तक 3 दिवसीय यूपी डिफेंस एक्सपो 2018 का आयोजन यूपीईआईडीए की ओर से स्टेडियम ग्राउंड, चंद्रशेखर आजाद यूनिवर्सिटी कानपुर में हो रहा है। इस में अलीगढ़ के इच्छुक उद्यमी केवल दस हजार रुपये की प्रतिभूति देकर निशुल्क ही अपने उत्पादों एवं विशिष्टता को प्रदर्शित कर सकते हैं।