क्राइम डेस्क, अमर उजाला अलीगढ़।
आतिशबाजी के चलते हर बार की तरह इस बार भी आग की घटनाओं ने फायर सर्विस की टीम को खूब दौड़ाया। पिछले दो दिन में छोटी बड़ी आग की दो दर्जन सूचनाओं पर दमकलों को दौड़ना पड़ा। इनमें बुधवार रात सासनी गेट के लोधीपुरम के एक प्लाट में खड़ी तीन कार बुरी तरह जलकर राख हो गईं, जिनमें रॉकेट की चिंगारी ने आग लगाई थी। सूचना पर पहुंची दमकल ने जैसे तैसे आग पर काबू पाया। मगर दो कार पूरी तरह जल गईं। इसी तरह बेगपुर में नर्सिंग होम की छत पर और मथुरा रोड के गांव सहारनपुर में बुर्जी बिटौरों में आग लगी है।
दीपावली पर चलाई जाने वाली आतिशबाजी हर बार आग का कारण बनती है। लोधी पुरम में हुए वाकये के अनुसार यहां शाहपाड़ा निवासी मुकेश कुमार वार्ष्णेय के गेट बंद प्लाट में उनकी खुद की कार के अलावा शाहपाड़ा के ही प्रवीन वर्मा की कार व लोधीपुरम के ही मुकेश वार्ष्णेय के पड़ोसी यतीश वर्मा की कार खड़ी होती है। प्लाट की चाभी भी यतीश वर्मा के पास रहती है। बुधवार देर रात यहां किसी के द्वारा चलाए गए रॉकेट की चिंगारी से पहले एक कार में आग लगी और फिर कुछ ही देर में तीनों कार आग की चपेट में आ गईं। जब लोगों की नजर पड़ी तो वहां आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। सूचना पर तीनों कारों के स्वामी पहुंच गए और खबर देकर दमकल बुला ली गई। दमकल के आने और आग बुझाने के प्रयास तक दो कार जलकर पूरी तरह राख हो गईं। उनका ढांचा ही बचा, जबकि एक कार भी आधी अधूरी सी बची।
इधर, मडराक के गांव सहारनपुर गांव में मंगलवार रात में आतिशबाजी की चिंगारी से एक दर्जन बुर्जी बिटौरे जले हैं। यहां भी सूचना पर दमकल पहुंची। यहां बताया गया कि आग घरों तक पहुंचने वाली थी। मगर दमकल के पहुंचने पर नियंत्रित कर लिया गया। इस सूचना पर विधायक अनिल पाराशर ने भी पहुंचकर लोगों का ढांढस बंधाया। इसी तरह क्वार्सी क्षेत्र में बेगपुर स्थित एक नर्सिंग होम की छत पर बुधवार देर रात आग लग गई। इस दौरान मरीजों में भगदड़ मच गई। बाद में दमकल ने आग बुझाई। इसके अलावा मदार गेट चौराहे पर गुरुवार शाम को निशांत कुमार की इलेक्ट्रानिक्स की दुकान में आग से कुर्सी, मेज आदि कीमती सामान जल गया। अकराबाद के गांव दरियापुर में करब में व छोटा जवां में भी आग की सूचना पर दमकल पहुंची है। सीएफओ विवेक कुमार शर्मा के अनुसार पिछले दो दिन में दो दर्जन के करीब सूचनाओं पर दमकलों को भेजा गया है। मगर किसी बड़ी आग या बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।