न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
नगर निगम के बारहद्वारी स्थित पुराने कार्यालय परिसर में ई-रिक्शा के पंजीकरण के लिए निर्धारित 900 रुपये की जगह 1800 रुपये वसूलने और 900 रुपये की रसीद दिए जाने को लेकर हंगामा हो गया। मौके पर भाजपा नेता भी पहुंच गए। हंगामा करने वालों को भरोसा दिलाया गया कि मामले को नगर आयुक्त तक पहुंचाया जाएगा और आरोपी कर्मचारी के खिलाफ कार्यवाही होगी। इसी के बाद मामला शांत हुआ।
नगर निगम के बारहद्वारी कार्यालय पर ई-रिक्शा के पंजीकरण और उनके रूटों के अनुसार उन पर रंगीन घेरा बनाया जा रहा है। शनिवार को कुछ ई-रिक्शा चालकों ने आरोप लगाया कि उनसे 1800 रुपये पंजीकरण के लिए गए हैं जबकि रसीद 900 रुपये की की दी गई है।
इस बात पर वहां ई-रिक्शा वाले हंगामा करने लगे। घटना की जानकारी भाजपा के पूर्व प्रदेश मंत्री राजेंद्र वार्ष्णेय चीफ को हुई तो वह भी समर्थकों सहित मौके पर पहुंच गए। भरोसा दिलाया कि पूरे मामले की जानकारी नगर आयुक्त को दी जाएगी।
इसके बाद ही मामला शांत हुआ। घटना के संबंध में कर अधीक्षक राजेश कुमार गुप्ता ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। सभी को सख्त हिदायत दी गई है कि जितनी निर्धारित फीस है वही ली जाए। अगर किसी को शिकायत है तो वह उनसे सीधे संपर्क कर सकते हैं।