रविवार को अशासकीय सहायता प्राप्त जूनियर हाईस्कूलों में सहायक अध्यापक व प्रधानाध्यापक पद के लिए 80 फीसदी अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा 23 केंद्रों पर दो पालियों में हुई। परीक्षा के लिए 11 हजार 543 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था।
पहली पाली में नौरंगीलाल राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज, चिरंजीलाल कन्या इंटर कॉलेज, श्री महेश्वर गर्ल्स इंटर कॉलेज, एसएमबी इंटर कॉलेज, हीरालाल बारहसैनी इंटर कॉलेज, धर्म समाज इंटर कॉलेज, चंपा अग्रवाल कन्या इंटर कॉलेज, अग्रसेन इंटर कॉलेज हरदुआगंज, टीकाराम कन्या इंटर कॉलेज, रतन प्रेम डीएवी इंटर कॉलेज, श्री महेश्वर इंटर कॉलेज, श्री उदय सिंह जैन कन्या इंटर कॉलेज, रघुवीर सहाय इंटर कॉलेज, बाबूलाल जैन इंटर कॉलेज, टीकाराम कन्या महाविद्यालय, धर्म समाज महाविद्यालय, श्री वार्ष्णेय महाविद्यालय, कृष्णा इंटरनेशनल स्कूल, सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, धर्म समाज बाल मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रघुवीर बाल मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में सहायक अध्यापक, प्रधानाध्यापक की परीक्षा हुई। पंजीकृत 10907 में से 8811 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 2096 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। परीक्षा में 80.78 फीसदी परीक्षार्थियों की उपस्थिति रही।
इसी तरह दूसरी पाली की परीक्षा नौरंगीलाल राजकीय इंटर कॉलेज घंटाघर व राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में हुई। परीक्षा में पंजीकृत 636 में से 492 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 144 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। परीक्षा में 77.36 फीसदी परीक्षार्थियों की उपस्थिति रही। परीक्षा को संपन्न कराने के लिए 10 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 23 स्टेटिक मजिस्ट्रेट, 46 पर्यवेक्षक (प्रत्येक केंद्र पर दो), आठ सचल दल ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण लिया। हर परीक्षा केंद्र पर एक उप निरीक्षक, तीन आरक्षी, दो महिला आरक्षी के साथ-साथ इन परीक्षा केंद्रों पर 10 क्षेत्राधिकारी व द्वितीय पाली में दो परीक्षा केंद्रों पर संपन्न कराने के लिए दो सेक्टर मजिस्ट्रेट, दो स्टेटिक मजिस्ट्रेट, चार विभागीय पर्यवेक्षक तैनात थे। पहली पाली परीक्षा खत्म होने के बाद परीक्षार्थियों को बारिश व जलभराव से परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के आसपास जाम की स्थिति भी रही। उधर, परीक्षा केंद्रों का पुलिस अधिकारियों ने जायजा लिया। यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ कराने का प्रयास किया।
परीक्षा नियामक प्राधिकारी उप्र प्रयागराज को भेजी जा रही परीक्षा सामग्री
परीक्षा सामग्री कोषागार स्थित डबल लॉक में सीलबंद रखने के बाद पुन: कोषागार से सीलबंद पैकेट प्राप्त कर डीएम की ओर से नामित मजिस्ट्रेट तहसीलदार खैर हीरालाल व राजकीय हाईस्कूल रायतपुर के प्रधानाध्यापक विनोद कुमार की ओर से पुलिस अभिरक्षा में परीक्षा नियामक प्राधिकारी उत्तर प्रदेश प्रयागराज के कार्यालय में भेजने की तैयारी की जा रही थी।