हर्ष फायरिंग में घायल किशोर की मौत
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
पिसावा थाना क्षेत्र के गांव नगरिया बिजना में नौ दिसंबर की शाम छह बजे हर्ष फायरिंग में घायल हुए 15 वर्षीय दीशू की सोमवार को पूर्वाह्न 11 बजे मौत हो गई। नोएडा के एक अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। दीशू घर का इकलौता चिराग था। सोमवार देर शाम गांव में दीशू के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। उसकी मौत से परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताते चलें कि नौ दिसंबर की शाम करीब छह बजे नगरिया बिजना गांव निवासी कृपाल सिंह के बेटे का सगाई समारोह चल रहा था। सगाई की रस्म के दौरान ही गांव के एक युवक ने 315 बोर के तमंचे से हर्ष फायरिंग शुरू कर दी।
पास ही खड़े गांव के महावीर सिंह के 15 वर्षीय पुत्र दीशू के सिर पर गोली लगी और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। इससे अफरातफरी मच गई थी। आननफानन दीशू को नोएडा के एक अस्पताल में ले जाया गया, जहां इलाज चल रहा था। सोमवार को पूर्वाह्न 11 बजे उसने अंतिम सांस ली। नोएडा में ही उसके शव का अंतिम संस्कार हुआ। उधर चर्चा है कि गांव में ही पंचायत कर दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है, इसीलिए थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई। उधर पुलिस का कहना है कि हत्या का मामला है। कार्रवाई की जाएगी।
अभी मृतक के परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। पुलिस जांच कर रही है। यह हत्या का मामला है। आपसी समझौता मान्य नहीं होगा। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - संजय पांडेय, थानाध्यक्ष पिसावा।