कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण अभियान जारी है। मंगलवार को 18 से 44 वर्ष के 84.34 फीसदी लोगों का टीकाकरण किया गया। टीकाकरण को लेकर युवाओं में जबरदस्त उत्साह रहा तो 45 वर्ष से अधिक आयु के लोग भी टीकाकरण कराने में पीछे नहीं हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ बीपी सिंह कल्याणी ने बताया कि जनपद में 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों का जिला महिला अस्पताल समेत 30 केंद्रों में टीकाकरण किया गया। इन केंद्रों पर 6200 युवाओं को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया था, जिसमें से 5230 युवाओं ने टीका लगवाया। 45 साल से अधिक उम्र के 4086 लोगों को टीका लगाना था, इसके सापेक्ष 2042 लोगों को टीका लगाया गया। युवाओं का टीका लगाने का 84.34 फीसदी रहा, जबकि 45 साल से अधिक के लोगों का 49.98 फीसदी रहा।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी (डीआईओ) डॉ दुर्गेश कुमार ने बताया कि 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए 38 बूथों में टीकाकरण किया गया। 1687 को पहली डोज व 355 को दूसरी डोज दी गई। उप जिला प्रतिरक्षण अधिकारी शरद गुप्ता ने कहा कि 45 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोग अपनी जिम्मेदारी निभाएं और टीकाकरण कराकर अपने आपको कोरोना से सुरक्षित बनाएं।
जिला चिकित्सालय में कोविशील्ड की पहली डोज लगवाने वाले 52 वर्षीय मानवीर सिंह ने बताया कि मंगलवार को कोविशील्ड का पहला टीका लगवाया है। मुझे किसी तरह की समस्या नहीं है।