न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एमएल अग्रवाल का तबादला मुरादाबाद कर दिया गया है, उनके स्थान पर आगरा से डा. अशोक कुमार को अलीगढ़ का नया सीएमओ बनाया गया है। डॉ. अशोक कुमार शुक्रवार तक कार्यभार ग्रहण कर सकते हैं।
गौर हो कि तैनाती से लेकर अब तक सीएमओ डॉ. एमएल अग्रवाल सत्तारूढ़ भाजपा नेताओं के निशाने पर रहे और शासन की कुछ खास तवज्जो पर ध्यान नहीं देने पर भी वह सवालों से घिरे रहे।
सीएमओ डॉ. एमएल अग्रवाल के कार्यकाल से पहले हुए वाहन घोटाले की जांच में विशेष प्रगति नहीं होने, जांच में पर्याप्त साक्ष्य नहीं जुटा पाने, शासन स्तर से निर्देश के बावजूद टीबी के मरीजों को नहीं खोज पाने, उनको समुचित इलाज मुहैया नहीं कराने पर भी उनकी आलोचना होती रही।
हालांकि उनके ही कार्यकाल में पंडित दीन दयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय में किडनी की नि:शुल्क डायलिसिस सेवा की एतिहासिक शुरुआत हुई।
यहां पर फेको विधि से भी इलाज मिलना शुरू हुआ। ठा. मलखान सिंह जिला अस्पताल में सीटी स्कैन की सुविधा शुरू होने जा रही है। इस तरह से कुल मिला कर देखा जाए तो वह अलीगढ़ को कई नई सुविधाएं दे गए।