न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
नगर निगम ने पला साहिबाबाद मार्केट में बड़े बकाएदारों पर शिकंजा कसते हुए पूरे मार्केट में ही ताला जड़ दिया।
नगर निगम के देयकों का भुगतान न करने पर नगर निगम द्वारा शुक्रवार को कार्यवाही करते हुए लगभग एक दर्जन दुकानों वाली मार्केट पर तालाबंदी कर दी।
नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव कुमार सिन्हा के नेतृत्व में कर निर्धारण हरगोविंद सिंह यादव, कर अधीक्षक अजीत राय, सभापति यादव, राजेश गुप्ता की टीम ने पला साहिबाबाद स्थित मार्केट में तालाबंदी की।
साथ ही नोटिस चस्पा किया गया। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि बड़े बकायेदारों पर नगर निगम द्वारा निरंतर कार्यवाही किये जाने की कार्ययोजना तैयार की गई है।
जिस मार्केट में बनी दुकानों के बकायेदारों पर कार्रवाई की गई उनको पूर्व में बिल, डिमांड नोटिस कुर्की आदि की सूचना के साथ-साथ निगम अधिकारियों द्वारा व्यक्तिगत रूप से टैक्स जमा करने के लिए कहा गया था।