स्क्रैप घोटाले की जांच शुरू
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
रोडवेज वर्कशॉप में स्क्रैप के गोलमाल की जांच करने आए नोडल अधिकारी शुक्रवार को किसी नतीजे पर नहीं पहुंचे। नोडल अधिकारी ने शिकायतकर्ता एवं भाजपा नेताओं की मौजूदगी में गोदाम में एल्युमिनियम और थाने में खड़े ट्रक का वजन करवाकर संबंधित लोगों से पूछताछ की।
बुधवार को पूर्व पार्षद नितिन अरोड़ा ने रोडवेज की सारसौल स्थित रीजनल वर्कशॉप से स्क्रैप लेकर जाते ट्रक को क्षमता से ज्यादा माल क्रेप ले जाने का आरोप लगाते हुए बन्ना देवी थाने में खड़ा करा दिया। गुरुवार को ठेकेदार ने अधिक माल होने की बात स्वीकारी गई तो वाणिज्य कर अधिकारियों ने एक लाख से अधिक की पेनाल्टी दी। शिकायतकर्ता ने इसकी शिकायत परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह से कर दी। मामला हाई प्रोफाइल होने की जानकारी जब रोडवेज अधिकारियों को लगी तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचित किया और ट्रक को गभाना में पकड़वा कर रातों रात पुन: बन्ना देवी थाने लाया गया। शुक्रवार की सुबह जांच करने पहुंचे नोडल अधिकारी सत्यनारायण सिंह की मौजूदगी में वर्कशॉप के गोदाम की सील तोड़कर माल की तुलाई की गई। इसके बाद सभी लोग बन्ना देवी थाने पहुंचे, जहां माल से भरे ट्रक को गूलर रोड स्थित श्रीराम धर्मकांटे पर लाकर तौला गया। ट्रक का वजन 11 हजार 140 किलो ग्राम निकला। पूर्व में दूसरे धर्मकांटे पर इसी ट्रक का वजन 11 हजार 30 किलो बताया गया था। इस दौरान भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह, भाजपा महानगर महामंत्री मनीष राय, रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक अतुल त्रिपाठी, एआरएम बुद्ध विहार योगेंद्र प्रताप सिंह, एआरएम फाइनेंस यूपी सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।
वर्जन
अभी खाली ट्रक का वजन होना बाकी है। खाली ट्रक का वजन होने के बाद हकीकत सामने आएगी। प्रथमदृष्टया गड़बड़ी प्रतीत हो रही है। बावजूद इसके अभी किसी निर्णय पर नहीं पहुंचा जा सकता। यदि चोरी का मामला सही पाया गया तो सेवा प्रबंधक समेत जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्यवाही होगी।
सत्यनारायण सिंह, नोडल व जांच अधिकारी