न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
एएमयू प्रशासन द्वारा छात्रों को कारण बताओ नोटिस दिये जाने के संबंध में स्पष्ट किया है कि जुलूस (तिरंगा यात्रा) बिना आवश्यक अनुमति निकाला गया। दूसरा यह कि जुलूस के मार्ग में विश्वविद्यालय के अन्य छात्रों की पढ़ाई में बाधा उत्पन्न हुई।
तिरंगा यात्रा को ठाकुर अजय सिंह एवं सोनवीर सहित करीब छह छात्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि एएमयू में गणतंत्र दिवस पर सप्ताह भर का आयोजन किया जाता है, जिसके अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जाते हैं। इच्छुक छात्र-छात्रा कार्यक्रमों के आयोजकों से अनुमति लेकर भाग ले सकते हैं।
सभी विश्वविद्यालयों में संस्था द्वारा बनाए गए नियमों के अनुसार ही कार्यक्रम आयोजित होते हैं। पूर्व में भी ऐसी गतिविधियों के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किये जा चुके हैं जो विश्वविद्यालय के नियमों के अनुसार आयोजित नहीं की गई थीं। एएमयू प्रशासन का कहना है कि एएमयू के कुछ छात्रों ने बाहरी युवकों के साथ मिलकर 22 जनवरी 2019 को दोपहर बारह बजे मोटर साइकिलों पर जुलूस निकाला। इस अवैध जुलूस का आरंभ एथलेटिक्स ग्राउंड के निकट शिक्षा विभाग के पास से हुआ जो बाब-ए-सैयद गेट पर समाप्त हुआ।