न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
जब इंसान के हौसले बुलंद हों तो गरीबी भी उसके आड़े नहीं आती। ऐसी ही एक मिसाल कायम की अलीगढ़ के धर्म समाज महाविद्यालय की बीए प्रथम वर्ष की छात्रा रिफत ने।
रिफत जिले के एकमात्र ऐसी छात्रा हैं जिन्होंने आगरा यूनिवर्सिटी की फुटबाल टीम में अपनी जगह बनाई। उन्होंने 22 से 26 दिसंबर के बीच अमृतसर जेएनडीयू में आयोजित इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में भाग लिया।
वह फुटबाल टीम में बतौर स्ट्राइकर के रूप में खेलती हैं। रिफत मूलरूप से गोरखपुर की रहने वाली हैं। उनके पिता मोहम्मद अहमद गोरखपुर में ही मजदूरी का कार्य कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। प्रारंभिक पढ़ाई गोरखपुर से पूरी करने के बाद ग्रेजुएशन करने के लिए रिफत अलीगढ़ आ गई। रिफत ने बताया कि वह दो साल से फुटबाल खेल रही हैं। फुटबाल में उन्होंने कई बार नाम रोशन किया है। अमृतसर में चल रही प्रतियोगिता में आगरा यूनिवर्सिटी के तीन मैच हुए। इसमें दो मैचों में रिफत ने अच्छा प्रदर्शन किया। शुक्रवार को हुए मैच में उन्होंने दो गोल मार विरोधियों को चित कर दिया। इस प्रतियोगिता के लिए रिफत के पास जूते खरीदने के लिए भी पैसे नहीं थे। उनके कोच और दोस्त की मदद से वह प्रतियोगिता में भाग ले सकीं।