न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
पारिवारिक योजना में कई लाभार्थियों के आवेदन लंबित पाए जाने पर सीडीओ का पारा चढ़ गया। उन्होंने समाज कल्याण अधिकारी से जवाब तलब किया। यही नहीं लंबित आवेदनों के मामले में संतोषजनक जवाब न देने पर दो बाबुओं के खिलाफ आरोप पत्र जारी किये जाने के आदेश भी दिये।
मुख्य विकास अधिकारी दिनेश चंद्र निरीक्षण के लिए समाज कल्याण विभाग पहुंचे थे। इस मौके पर उन्होंने राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के फार्मों की स्थिति देखी। इस दौरान कई लाभार्थियों के फार्म ब्लाक स्तर पर लंबित पाए गए।
उन्होंने इस सभी आवेदनों को तत्काल मंगाने के आदेश दिये। पेंशन प्रकरणों की जानकारी करने पर पता चला कि पेंशन प्रकरणों की हार्ड कापी 22 नवंबर 2018 से अब तक कार्यालय में उपलब्ध ही नहीं हैं। इस मामले में जब उन्होंने पटल सहायक महीपाल चौधरी एवं कुबेरदत्त उपाध्याय से पूछताछ की तो संतोषजनक जवाब नहीं मिला। सीडीओ ने स्वीकार किया कि दोनों कर्मचारियों के खिलाफ आरोप पत्र जारी करने के आदेश दिये गए हैं।