सोनू, मुनीर गिरोह के फरार बदमाशों की एनसीआर में तलाश
ब्यूरो,अमर उजाला, अलीगढ़।
थाना सिविल लाइन इलाके से पकड़े गए सोनू गौतम और मुनीर गिरोह के बदमाशों के फरार साथियों की पुलिस शिद्दत के साथ तलाश कर रही है।
पुलिस बदमाशों की तलाश में दिल्ली पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर एनसीआर इलाके में सघन सर्च अभियान चला रही है। पुलिस के साथ कुछ ऐसे सुराग लगे हैं जिससे जल्द ही बदमाशों के पकड़े जाने की पूरी संभावना है।
पुलिस को जुबैर पुत्रझ रफतउल्लाह निवासी गांव नौशे, थाना बरला, हाल निवासी टनटनपाड़ा, कोतवाली, जफर निवासी टनटनपाड़ा, कोतवाली और बिलाल हाशमी निवासी टनटनपाड़ा कोतवाली की तलाश है।
बदमाशों ने पिछले दिनों थाना सिविल लाइन और आसपास के इलाकों में ताबड़तोड़ वारदातों को अंजाम दिया। इसके बाद पुलिस पर इन बदमाशों को पकड़ने के लिए जबरदस्त दबाव था।
जब सोमवार को कुछ बदमाश और उनके नाम सामने आए तो पूर्व में हुई बड़ी वारदातों में भी इनका नाम सामने आया। अब पुलिस इनके फरार साथियों पर शिकंजा कस रही है। पुलिस का दावा है कि फरार बदमाशों की एक एक गतिविधि रडार पर है।