आज फिर होगी अविश्वास प्रस्ताव की पेशकश
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
भाजपा नेता एवं जिला पंचायत अध्यक्ष उपेंद्र सिंह नीटू के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की मांग उठाने वाले जिला पंचायत सदस्य अजित गौड़ को सोमवार को मिलने का वक्त दिया गया है।
जिलाधिकारी ऋषिकेश भास्कर याशोद ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन के क्रम में उनको मिलने का समय दिया गया है। अगर उन्होंने नियमानुसार अविश्वास प्रस्ताव की पेशकश की तो उस पर विचार करने के बाद विधि संवत कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। गौर हो कि अजित गौड़ सहित कुछ जिला पंचायत सदस्य पहली जुलाई से ही उपेंद्र सिंह नीटू के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की मांग कर रहे हैं। हाईकोर्ट तक इसकी अपील की गई है।
पहली बार में हाईकोर्ट ने अविश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया को उचित नहीं मान कर उसको वापस कर दिया तो दूसरी बार जिलाधिकारी को इस संबंध में विरोधी खेमे का पक्ष सुनने और नियमानुसार कार्रवाई करने का आदेश दिया। इस संबंध में अजित गौड़ के खेमे ने 29 जिपं सदस्यों तो नीटू के खेमे से 34 जिपं सदस्यों के समर्थन का पत्र जिला प्रशासन को दिया गया है जिसमें 12 सदस्य दोनों की सूचियों में शामिल हैं। अब सोमवार को अविश्वास प्रस्ताव के संबंध में कोई बड़ा निर्णय हो सकता है।
इधर, पूर्व में बसपा में शामिल उपेंद्र सिंह नीटू और उनके चाचा पूर्व कबीना मंत्री ठा. जयवीर सिंह के भाजपा में शामिल होने के बाद उनका खेमा और मजबूत हो गया है।
----------