अलीगढ़ शहर में दिनदहाड़े डाका
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर में हो रहीं लूटपाट के क्रम में बुधवार को दिनदहाड़े सासनी गेट के सराय मान सिंह में बदमाश गृहस्वामिनी को बंधक बनाकर डाका डाल ले गए। वारदात के वक्त महिला घर में अकेली थी और बदमाश बिजली कर्मचारी बनकर घुस आए।
इस दौरान बदमाशों ने महिला के हाथ-पैर बांधने के साथ आंखों पर पट्टी भी बांध दी और नगदी, जेवरात सहित कीमती माल ले गए। खबर पर हरकत में आई पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए इलाके के सीसीटीवी भी खंगालना शुरू कर दिया है। मामले में शहर विधायक ने घटना केे जल्द खुलासे की हिदायत सासनी गेट पुलिस को दी है।
वाकये के अनुसार सराय मान सिंह में रहने वाले पैक्ड दूध के व्यापारी घनश्याम दास माहेश्वरी खुद व्यापारिक सिलसिले में दुपहर से घर से निकले थे, जबकि उनका बेटा सौरभ माहेश्वरी ड्यूटी गया था। वह एक शोरूम पर काम करता है। घर में उनकी पत्नी प्रभा माहेश्वरी अकेली थीं।
दुपहर करीब तीन बजे दरवाजे पर दो युवकों ने दस्तक दी। उन्होंने खुद को बिजलीकर्मी बताते हुए प्रभा से कहा कि बिल जमा न होने के चलते कनेक्शन काटने आए हैं। इस पर प्रभा ने तर्क दिया कि बिल जमा है और वह बिल की रसीद मांगने लगे। इस पर प्रभा अंदर घर में रसीद लेने चली गईं।
इसी बीच बदमाश पीछे से अंदर आ गए। प्रभा के अनुसार अंदर आते ही बदमाशों ने पीछे से उनको दबोच लिया और हाथ-पैर बांधने के साथ-साथ आंखें भी बांध लीं।
उनकी बातचीत से लग रहा था कि अंदर आए बदमाशों की संख्या 5 से 6 रही होगी। इसके बाद बदमाश घर में करीब चार बजे तक रुके और आराम से तलाशी लेकर माल ले गए। प्रभा को ऐसे ही कमरे में छोड़ गए। बाहर से घर का मुख्य दरवाजा बंद कर गए।
इसके बाद प्रभा किसी तरह घिसटते-घिसटते मुख्य दरवाजे तक आईं और उसे पैरों की मदद से अंदर से बजाने लगीं। परिजनों के अनुसार इसी मकान के ऊपरी हिस्से में घन श्याम दास के भाई का परिवार रहता है। शाम करीब पांच बजे घनश्याम दास का भतीजा ऊपर से उतरकर आया और उसने गौर किया कि चाचा के मकान के दरवाजे पर अंदर से कोई खुलवाने जैसी हरकत कर रहा है और मुंह की दबी हुई आवाज भी आ रही है। दरवाजा बाहर से बंद है।
शक होने पर भतीजे ने दरवाजा खोल अंदर देखा तो अंदर का नजारा देखकर माजरा समझ गया। बाद में जांच पर पता चला कि घर के अंदर से 5 तोला सोने का हार, 2 अंगूठी सोने की, 1 कान का झुमका, 1 सिलेंडर भरा हुआ, 60 हजार रुपये नगद आदि ले गए। इस सूचना पर बाद में पुलिस इलाके के लोग, पारिवारिक सदस्य संजय माहेश्वरी, निखिल माहेश्वरी आदि पहुंच गए। बाद में उनकी शहर विधायक संजीव राजा से बात हुईं तो उन्होंने कोतवाल से वार्ता कर जल्द खुलासे की हिदायत दी। सासनी गेट पुलिस के अनुसार मामले में जल्द खुलासे के प्रयास जारी हैं।
मंदिर की गुल्लक भी ले गए बदमाश
प्रभा के अनुसार बदमाश घर से मंदिर की गुल्लक भी ले गए, जिसमें करीब 1500 रुपये एकत्रित रहे होंगे। उन्होंने बताया कई साल से इस गुल्लक में खुले पैसे बचने पर एकत्रित किए जाते थे।
अशोक नगर पर लूट में नहीं सुराग
महानगर में अभी पांच दिन पहले यानि शुक्रवार को ही अशोक नगर बन्नादेवी इलाके में इसी तरह घर में घुसकर लूटपाट की घटना हुई थी। उसमें पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है। इसके बाद अब सासनी गेट में बदमाशों ने वारदात को अंजाम दे दिया है।