महावीरगंज में मसाले के गोदाम में एफडीए की टीम ने की छापामार कार्रवाई।
- फोटो : CITY OFFICE
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मसालों में चावल की मिलावट के शक में बृहस्पतिवार को महावीरगंज इलाके में छापामार कार्रवाई की। इस दौरान मिलावट के शक में 183 किलो चावल, 61 किलो मिर्च पाउडर, 37 किलो धनिया एवं 22 किलो हल्दी पाउडर सीज किया। नमूने भी भरे गए हैं। इन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
जिला अभिहित अधिकारी सर्वेश मिश्रा ने बताया कि महावीर गंज इलाके में लंबे समय से मसालों में चावल की मिलावट की सूचनाएं मिल रही थी। बृहस्पतिवार को विभागीय टीम ने महावीर गंज इलाके में रामा पिसाई केंद्र पर छापा मारा। टीम ने मसालों में चावल की मिलावट होने की आशंका जाहिर करते हुए हल्दी पाउडर, मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर के नमूने भरे। मौके पर 183 किलो चावल, 61 किलो मिर्च पाउडर, 37 किलो धनिया पाउडर और 22 किलो हल्दी पाउडर सीज किया। अभिहित अधिकारी ने बताया कि नमूनों को जांच के लिए लैब भेजा गया है। उन्होंने कहा कि दीपावली तक लगातार अभियान जारी रहेगा। टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय प्रधान के नेतृत्व में एफएसओ कृपा शंकर, प्रमोद कुमार यादव, मनोज कुमार सरोज के साथ-साथ इलाका पुलिस भी मौजूद रही।