लघु अवधि का कोर्स कर महिलाएं बनें आत्मनिर्भर
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
व्यावसायिक पाठ्यक्रम कर रोजी-रोजगार तलाश रहीं महिलाओं के लिए सुनहरा अवसर है। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के वीमेंस कॉलेज में चलने वाले सेंटर फॉर स्किल डेवलपमेंट एंड कॅरियर प्लानिंग के विभिन्न लघु अवधि के पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेकर वे अपना सपना साकार कर सकती हैं। इसके लिए आज यानी सात सितंबर से आवेदन फार्म मिलने शुरू हो जाएंगे।
सेंटर की डायरेक्टर एवं वीमेंस कॉलेज की प्रिंसिपल प्रो. नईमा के. गुलरेज ने बताया है कि महिला अभ्यर्थियों के लिए संचालित तीन माह के स्किल ट्रेनिंग प्रोग्राम में प्रवेश के लिए आवेदन सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक तथा दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक सेंटर के कार्यालय से प्राप्त किये जा सकते हैं।
प्रवेश प्रक्रिया 11 सितंबर से शुरू होगी और 3 अक्टूबर से कक्षाएं प्रारंभ होंगी। उन्होंने बताया कि सेंटर में वर्तमान में ब्यूटी कल्चर प्रथम व द्वितीय (स्किन केयर) टेक्सटाइल डिजाइनिंग, इंटीरियर डेकोरेशन, फैशन गारमेंट्स, शार्ट हैंड, इंग्लिश फ्लूएंसी डेवलपमेंट कोर्स, टेली, वेब डिजाइनिंग एंड पब्लिशिंग, एमएस ऑफिस, एम्ब्रॉइडरी, कामर्शियल आर्ट्स और हैंडीक्राफ्ट के कोर्स संचालित हो रहे हैं।