डेस्क न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़
महाराजा अग्रसेन की 5142वीं जयंती समारोह के तहत डीएस कॉलेज के सभागार में श्री अग्रवाल परिषद की ओर से विराट हास्य कवि सम्मेलन में कवियों ने श्रोताओं को खूब गुदगुदाया।
गुरुवार देर रात सम्मेलन का शुभारंभ अयोध्या से पधारे कमलनयन दास शास्त्री के सानिध्य में शहर विधायक संजीव राजा, कमिश्नर अजयदीप सिंह, जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह की धर्मपत्नी कवियत्री डॉ. अंजना सिंह सेंगर, एसएसपी अजय कुमार साहनी की पत्नी रिचा साहनी के दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। सम्मेलन में कवि डॉ. हरिओम पवार ने सुनाया ‘बार-बार की गद्दारी को भारत क्यों सह जाता है, ज्यादा संयम भी दुनिया में कायरता कहलाता है’।
डॉ. कुंवर बेचैन ने पढ़ा ‘उसने मेरे छोटेपन की इस तरह इज्जत रखी, मैंने दीवारें उठाईं उसने उन पर छत रखी, क्यूं हथेली की लकीरों के हैं आगे उंगलियां, रब ने भी किस्मत से आगे आपकी मेहनत रखी’। डॉ. प्रवीण शुक्ल ने सामाजिक विसंगतियों पर चोट करते हुए सुनाया मैंने जिन्न से कहा संभव हो तो भारत से भ्रष्टाचार भगा दो, जिन्न बोला मैं वापस बोतल में घुस रहा हूं, तुम ऊपर से ढक्कन लगा दो’। अनिल अग्रवंशी ने सुनाया ‘हंसना हंसाना आदत है मेरी, अपना बनाना आदत है मेरी’। इनके अलावा तुषा शर्मा, अशोक, डॉ. कीर्ति काले आदि ने रचनाएं सुनाईं। इससे पूर्व समाज के प्रबुद्ध वृद्धजनों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर विधायक आगरा महेश गोयल, आरके ग्रुप नई दिल्ली के निदेशक राजीव मित्तल, महेश अग्रवाल, डॉ. राजीव अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, प्रमोद अग्रवाल, डॉ. भरत अग्रवाल, गौरव अग्रवाल, अमित अग्रवाल, हिमांशु, आलोक अग्रवाल, पवन गर्ग, शरद गर्ग, मनोज गर्ग, मनोज मित्तल, नवीन बंसल, मनोज गर्ग, संजय अग्रवाल, पुनीत जिंदल, नवीन नारायण आदि मौजूद रहे।