न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
कलेक्ट्रेट के निरीक्षण के दौरान रिकार्ड रूम में बेतरतीब और फटे बस्ते देखकर नवागत डीएम चंद्रभूषण सिंह का पारा चढ़ गया। उन्होंने कर्मचारियों को नसीहत दी कि वे सभी बस्तों को सुव्यवस्थित करें और इन्हें तहसीलवार अपनी जगह पर रखना सुनिश्चित करें।
यही नहीं उन्होंने गोपनीय कक्ष की गोपनीयता बरकरार रखने के लिए आवश्यकता के अनुसार सीसी कैमरों की व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने कहा कि कलेक्ट्रेट में अन्य स्थानों पर भी आवश्यकता को देखते हुए सीसी कैमरे लगवाए जाएं।
निरीक्षण के लिए डीएम गुरुवार को सुबह दस बजे पहुंच गए थे। इस दौरान उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न अनुभाग एवं विभागों के कार्यालयों का मुआयना किया।
जिलाधिकारी ने रिकॉर्ड रूम सहित अन्य अनुभागों का भी निरीक्षण किया। परिसर में सफाई एवं विभिन्न कक्षों में फिनायल युक्त पोंछा देखकर जिलाधिकारी संतुष्ट दिखे। जिलाधिकारी ने कर्मियों को निर्देश दिए कि वह अपने पटल का कार्य उसी दिन पूर्ण कर लें और कार्य पद्धति व व्यवहार ऐसा बनाएं जिससे जनसाधारण को कोई असुविधा न होने पाए।
निरीक्षण के पश्चात जिलाधिकारी ने अपने कार्यालय कक्ष में बैठकर जिलाधिकारी जनता दर्शन के अंतर्गत लोगों की शिकायतें सुनी। संबंधित अधिकारियों को समस्या के त्वरित एवं गुणवत्तापरक निस्तारण के निर्देश दिए।
उन्होंने अपने कार्यालय कक्ष में विभिन्न विभागीय अधिकारियों के साथ भेंटवार्ता की और निर्देश दिए कि जनता और अधिकारियों के बीच की दूरी को कम किया जाए तथा आईजीआरएस पोर्टल, साधारण शिकायतों और आरटीआई विषयक प्रकरणों को गंभीरता से लिया जाए तथा निश्चित समयावधि में ही शिकायतों का निस्तारण किया जाए।
इस मौके पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन आरएन शर्मा, अपर जिलाधिकारी नगर एसबी सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व बच्चू सिंह समेत अन्य अफसर व कर्मचारी उपस्थित थे।