न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
किसान सहकारी चीनी मिल्स के संबंध में एसडीएम कोल डॉ. पंकज वर्मा ने कहा है कि समिति में करीब 90 फीसदी कर्मचारियों के सेवानिवृत्त हो जाने के कारण मिल में करीब 225 दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को संविदा पर रखकर कार्य कराया जा रहा है। इनको 168 रुपये प्रतिदिन की दर से भुगतान किया जा रहा है।
वेतन में बढ़ोत्तरी के लिए इन्होंने कार्य बहिष्कार का नोटिस चस्पा किया था। इसके बाद बहिष्कार होने पर पेराई का काम प्रभावित हुआ। इसके बाद प्रबंधन के साथ समझौता वार्ता की गई।
वार्ता के बाद तय हुआ कि जो कर्मकार वर्ष 2017-18 से रखे गए हैं, उनको 168 रुपये और जो इससे पूर्व से हैं उनको 200 रुपये प्रतिदिन की दर से भुगतान किया जाएगा। इसके बाद सभी कर्मचारी उपस्थित हो गए हैं और मिल में पेराई कार्य चालू है।