न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की बीटेक/बीआर्क की प्रवेश परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। बीटेक प्रवेश परीक्षा में 5913 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
बीटेक की प्रवेश परीक्षा के लिए 16960 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिसमें 11047 शामिल हुए और 5913 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। बीआर्क के लिए 2446 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया।
बीटेक की प्रवेश परीक्षा प्रात: 10 बजे से दोपहर एक बजे तक एएमयू में बने 16 परीक्षा केन्द्रों के अलावा कोलकाता, लखनऊ, पटना, श्रीनगर तथा कोझीकोट परीक्षा केन्द्रों पर संपन्न हुई। जबकि बीआर्क की प्रवेश परीक्षा एएमयू में पांच केन्द्रों पर हुई। एएमयू के सह कुलपति प्रोफेसर एमएच बेग, परीक्षा कंट्रोलर मुजीबउल्लाह जुबैरी व प्राक्टर प्रोफेसर एम मोहसिन खान ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा किया तथा परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा सभी परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों के अभिभावकों के बैठने की व्यवस्था की गई थी।
एएमयू एनएसएस इकाई द्वारा परीक्षार्थियों के सहायता शिविर का आयोजन किया गया। प्रो. एम मसरूर आलम, मोहसिन जफर खान, जेबा रिजवी, मो. अकरम, मुकेश आदि मौजूद थे।