न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
यूपी बोर्ड परीक्षा गुरुवार से शुरू हो गई हैं। दूसरे दिन शुक्रवार को दोनों पालियों में आयोजित परीक्षाएं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गई हैं। कहीं भी किसी भी परीक्षाकेंद्र से किसी नकल की सूचना नहीं मिली है।
बता दें कि शुक्रवार को प्रथम पाली में हाईस्कूल के 517 परीक्षार्थियों ने कृषि विषय की परीक्षा दी। जबकि इसी पाली में इंटर के 390 बच्चों ने संगीत गायन व संगीत वादन की परीक्षा दी। जबकि दूसरी पाली में इंटर के कई विषयों की परीक्षा आयोजित हुई। जिसमें संस्कृत की 490 व उर्दू की 105 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। दोनों पालियों में कहीं किसी भी प्रकार से किसी भी परीक्षाकेंद्रों से नकल की सूचना नहीं मिली। कम परीक्षार्थी होने के चलते सचल दल ने भी राहत महसूस की। हालांकि सचल दलों ने कई परीक्षाकेंद्रों का निरीक्षण भी किया। अधिकतर जगह स्थिति सामान्य मिली।
दूसरे दिन 197 परीक्षार्थी रहे गैर हाजिर
यूपी बोर्ड परीक्षा के तहत शुक्रवार को दूसरे दिन दोनों पालियों में हाईस्कूल की कृषि व इंटर की संगीत गायन, वादन, नृत्य कला, संस्कृत, उर्दू आदि विषयों की परीक्षार्थियों ने परीक्षाएं दीं। दोनों पालियों में पंजीकृत 1699 परीक्षार्थियों में से 1502 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया। जबकि 197 परीक्षार्थी गैर हाजिर रहे।
बता दें कि सुबह की पाली में हाईस्कूल के कृषि विषय में 570 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। जिनमें से 517 ने परीक्षा दी। 53 गैरहाजिर रहे। इसी पाली में इंटर के संगीत गायन की परीक्षा में पंजीकृत 186 में से 169 परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया। जबकि 17 गैर हाजिर रहे। संगीत वादन में पंजीकृत 275 परीक्षार्थियों में से 221 ने परीक्षा दी और 54 अनुपस्थित रहे।
जबकि दूसरी पाली में इंटर की संस्कृत विषय की परीक्षा में पंजीकृत 543 परीक्षार्थियों में से 490 ने परीक्षा दी। 53 परीक्षार्थी गैर हाजिर रहे। उर्दू विषय में पंजीकृत 115 में से 105 परीक्षार्थी मौजूद रहे। जबकि दस परीक्षार्थियों ने परीक्षा में हिस्सा नहीं लिया। वहीं इन विषयों के साथ आयोजित बंगला विषय में एक, नृत्य कला में एक, कन्नड़ में दो, सिंधी में दो, तेलगू में तीन व नेपाली विषय में एक परीक्षार्थी पंजीकृत था। इन सभी परीक्षार्थियों ने परीक्षा में हिस्सा ही नहीं लिया है।