न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के सेल्फ फाइनेंस स्कीम में इंटरनल छात्रों को कक्षा 11 में दाखिला अब हाईस्कूल के अंक के आधार पर दिया जाएगा। पहले इंटरनल छात्रों को भी प्रवेश परीक्षा से गुजरना पड़ता था।
सेल्फ फाइनेंस स्कीम के अंतर्गत कक्षा 11 में इंटरनल छात्रों के दाखिले के नियम में भारी फेरबदल किया जा रहा है। एडमिशन कमेटी की बैठक में इंटरनल छात्रों को हाईस्कूल के अंक के आधार पर दाखिला को हरी झंडी मिल गई है। अब कुलपति एवं एकेडमिक काउंसिल की मुहर लगना बाकी है। कमेटी ने यह भी निर्णय लिया है कि एएमयू 11 वीं कक्षा में दाखिला अब साइंस में होगा।
पीसीएम (फिजिक्स, केमेस्ट्री एवं मैथ) या पीसीबी (फिजिक्स, केमेस्ट्री एवं बायोलोजी) में नहीं। छात्रों को यह छूट होगी कि अपनी इच्छानुसार गणित या जीव विज्ञान विषय रखें। इसके अतिरिक्त एडमिशन कमेटी में बीएससी बॉटनी एवं जुलोजी में सीटों की संख्या 40 से बढ़ाकर 60 करने, एमएससी जुलोजी में सीटों की संख्या 35 से बढ़ाकर 40 करने, बीएससी एजी एवं एमबीए एग्री बिजनेस की परीक्षा कंट्रोलर ऑफिस के माध्यम से केंद्रीकृत कराने को हरी झंडी मिल गई है। पहले प्रवेश परीक्षा विभाग के स्तर पर होता था।
--