न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
श्री सीताराम संकीर्तन मंडल के तत्वावधान में गत वर्षों की भांति इस बार भी श्रीराम जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। रविवार को बराई स्ट्रीट गुरुद्वारा वैष्णव बिहारी लाल के आवास पर कार्यक्रम का शुभारंभ प्रात: मंगला शृंगार आरती से होगा।
प्रेसवार्ता में मंडल के अध्यक्ष मनोज दास एवं मुकेश कुमार उपाध्याय ने बताया कि 25 मार्च को बराई स्ट्रीट निकट गुरुद्वारा वैष्णव बिहारी लाल के आवास पर मंगला शृंगार आरती के साथ श्री रामजन्मोत्सव का शुभारंभ होगा।
इसके बाद सुबह नौ बजे से हरिनाम संकीर्तन एवं प्रवचन, दोपहर 12 बजे से जूना अखाड़ा वृंदावन के संत महीपाल द्वारा प्रभु का अभिषेक किया जाएगा। इसी तरह 28 मार्च को श्री सनातन धर्म मंदिर सत्संग भवन तमोली पाड़ा में प्रात: आठ बजे से मंगला शृंगार आरती, नौ बजे से हरिनाम संकीर्तन, 10 बजे से छप्पन भोग एवं प्रवचन होंगे।
इसके बाद बधाई गायन होगा। कार्यक्रम के लिए शहर विधायक संजीव राजा, कोल विधायक अनिल पारासर, पूर्व महापौर शकुंतला भारती को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। प्रेसवार्ता में राजीव शर्मा, अनिल वर्मा, राजीव उपाध्याय, राजू, युवांशु शर्मा आदि मौजूद थे।