टिकट का इंतजार, टेंशन में भाजपा के दावेदार
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
मेयर एवं पार्षद प्रत्याशियों की सूची जारी होने के इंतजार में दावेदारों का एक-एक पल मुश्किल से कट रहा है। दिल्ली, लखनऊ से लेकर मीडिया कर्मियों तक फोन लगाकर पल-पल की जानकारी जुटा रहे हैं। ऐन मौके पर बड़े नेताओं के फोन बंद होने या नहीं उठने से दावेदारों की धड़कने बढ़ गई हैं।
मेयर टिकट के लिए 69 नेताओं ने आवेदन किया है। करीब डेढ़ दर्जन नामों पर गंभीरता से विचार करने के बाद तीन नामों का पैनल तैयार किया गया है। सूत्रों पर भरोसा करें तो पैनल के तीन नाम अग्रवाल समाज से हैं। इसी तीन में से किसी एक को टिकट मिलना तय है। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व अचानक कोई और फैसला ले तो यह अलग बात है।
टिकट की इस लड़ाई को लोग कई एंगल से देख रहे हैं। पार्टी के वफादार लोग इसे दावेदारों की नहीं, बल्कि पार्टी की अग्नि परीक्षा के रूप में देख रहे हैं। नामों की घोषणा के साथ ही यह भी स्पष्ट हो जाएगा कि केंद्र एवं राज्य में सरकार बनाने के बाद भाजपा किस ओर जा रही है।
इधर सोशल मीडिया पर मेयर प्रत्याशी को लेकर कई तरह के पोस्ट डाले जा रहे हैं। डॉ. राजीव अग्रवाल, प्रशांत सिंघल, दीपक अग्रवाल, प्रवीण अग्रवाल, सौरभ सिक्ससंस, सुशील मित्तल, मानव महाजन, उमेश सरकोडा आदि के पास लगातार फोन आ रहे हैं। राजेंद्र वार्ष्णेय चीफ ने शुक्रवार को नामांकन पत्र खरीद लिया है।
सौरभ सिक्ससंस का कहना है कि टिकट की दौड़ में वह शामिल हैं। सूची फाइनल करते वक्त उनकी वर्षों के व्यापारिक एवं सामाजिक क्षेत्रों में किये गये कार्यों को ध्यान में रखा जाएगा।
वार्ड पार्षद टिकट के दावेदारों भी बेचैनी से प्रत्याशियों की सूची का इंतजार कर रहे हैं। महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत का कहना है कि मेयर प्रत्याशियों की सूची लखनऊ से जारी किया जाएगा।