अमृत योग सप्ताह के तहत बृहस्पतिवार को महारानी अहिल्याबाई होल्कर स्पोर्ट्स स्टेडियम में डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने योगाभ्यास किया। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि योग दिवस 21 जून को जिले में 11 लाख लोग योग करेंगे।
डीएम ने लोगों को कई योगासन सिखाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को योग करना चाहिए। योग क्रिया से शरीर स्वस्थ रहता है, मन अशांत नहीं होता। योगाभ्यास करने के बाद डीएम ने स्टेडियम का भ्रमण कर खिलाड़ियों व प्रात: घूमने आए लोगों से वार्ता की और उन्हें भी योग के लिए प्रेरित किया। साथ ही, नेट पर अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों के साथ बल्लेबाजी भी की। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर व्यक्तिगत या समूह में लोग योग कर आयुष कवच पर फोटो अपलोड करें।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अंकित खंडेलवाल, समस्त उप जिलाधिकारी, वरिष्ठ कोषाधिकारी महिमा चंद, डीआईओएस डॉ. धर्मेंद्र शर्मा, जिला पंचायतीराज अधिकारी धनंजय जायसवाल, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी दिवाकर वशिष्ठ आदि मौजूद रहे।
डीएम अंकल, घंटाघर की घड़ी ठीक करवा दीजिए
बृह्मनपुरी की छात्रा नंदिनी हरकुट ने डीएम से कहा कि अंकल, घंटाघर की घड़ी काफी दिनों से खराब है। आते-जाते नजर पड़ती है तो दुख होता है, उसे ठीक करवा दीजिए। इस पर डीएम ने बच्ची को सवाल पूछने पर शाबाशी दी और कहा कि जल्द ही घड़ी ठीक करा दी जाएगी। ब्यूरो