अलीगढ़ के क्वार्सी थाना क्षेत्र में एटा चुंगी चौराहे के पास बाइक पर लिफ्ट देने के बहाने एक शातिर ठग ने बुजुर्ग व्यापारी की जेब से डेढ़ लाख रुपये निकालकर भाग निकले। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू कर दिए हैं।
घटना बुधवार सुबह करीब 11 बजे की है। गूलर रोड स्थित किशन विहार कॉलोनी के रहने वाले हजारी लाल वार्ष्णेय (72) की कौड़ियागंज में गल्ले की दुकान है। रोज की तरह वह अपनी बाइक से दुकान जा रहे थे। रास्ते में नौरंगाबाद स्थित नौ देवी मंदिर के पास दो युवक बाइक पर उनके पास आए। उनमें से एक ने हजारी लाल को रोककर नमस्ते की और अपनी मां के एटा चुंगी स्थित अस्पताल में भर्ती होने का झांसा देकर वहां तक छोड़ने की विनती की।
बुजुर्ग व्यापारी ने इंसानियत दिखाते हुए उसे अपनी बाइक पर बैठा लिया। जैसे ही उनकी बाइक एटा चुंगी पेट्रोल पंप के पास पहुंची, पीछे बैठे युवक ने सफाई से व्यापारी की जेब में रखे 1.5 लाख रुपये निकाल लिए। भनक लगते ही हजारी लाल ने शोर मचा दिया। आरोपी तुरंत बाइक से कूदकर क्यामपुर मोड़ की तरफ भागा, जहां उसका दूसरा साथी पहले से बाइक लेकर तैयार खड़ा था। आसपास के लोगों ने उनका पीछा करने की कोशिश की तो बदमाशों ने ब्लेड दिखाकर उन्हें डराया और भाग निकले।
सूचना मिलते ही क्वार्सी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। सीओ सर्वम सिंह ने बताया कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।