उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को दाऊद इब्राहिम और अन्य आतंकवादी संगठनों से जान का खतरा है। इस बात का खुलासा पुलिस अधीक्षक राजू बाबू सिंह के एक पत्र से हुआ है।
एसपी ने पत्र के माध्यम से विभिन्न विभागों के अधिकारियों को इस बात की जानकारी दी है कि वर्तमान में मुख्यमंत्री को अलकायदा, लश्कर-ए-तोयबा, हुजी, जैश-ए-मुहम्मद, हरकतुल मुजाहिद्दीन के साथ ही दाउद इब्राहिम, छोटा शकील ग्रुप के विभिन्न आतंकियों और उग्रवादी संगठनों से खतरा है।
इस आशय का पत्र पुलिस अधीक्षक ने जिलाधिकारी, सहायक निदेशक विद्युत सुरक्षा, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड द्वितीय और निरीक्षक को भेजा है।
एसपी ने विद्युत सुरक्षा के सहायक निदेशक को भेजे गए पत्र में कहा है कि जेड प्लस श्रेणी, एनएसजी/कोबरा कमांडो सुरक्षा प्राप्त मुख्यमंत्री की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर के समस्त विद्युती एवं संचार उपकरणों को भलीभांति जांच कराकर दुरुस्त करा लें।
पत्र में एसपी ने लिखा है कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का हेलीकाप्टर 20 फरवरी यानी गुरुवार को जिले में उतरेगा। वे यहां विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण करने के लिए आ रहे हैं।
इस दौरान जनसभा को संबोधित करने का भी कार्यक्रम प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री को जेड प्लस, एनएसजी/कोबरा कमांडो की सुरक्षा पहले से प्राप्त है। बावजूद सतर्कता बरतने की जरूरत है। इसके लिए कार्यक्रम स्थल पर विशेष सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है।