कुंभ मेले की तैयारी को लेकर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद और प्रयागराज मेला प्राधिकरण की शुक्रवार को इलाहाबाद में एक अहम बैठक हुई। बैठक में एक बार फिर से साधू-संतों की संस्था अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद ने यहां होने वाले कुंभ मेले में फर्जी बाबाओं के आने पर प्रतिबंधन लगाने की मांग की गई। आखाड़ा परिषद ने बकायदा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मेला प्रशासन को फर्जी बाबाओं के नामों की सूची सौंपने की बात कही।
फर्जी बाबाओं की इस सूची में अखाड़ा परिषद ने बाबा राम रहीम, आसाराम बापू, निर्मल बाबा, राधे मां, असीमानंद, सचिन दत्ता, वीरेंद्र दीक्षित, नारायण साईं, भीमानंद, त्रिकाल भवंता, चक्रपाणि महाराज और प्रमोद कृष्णम समेत 20 बाबाओं के नाम शामिल हैं।
अखाड़ा परिषद ने इसके अलावा मेले के लिए कराए जा रहे निर्माण कार्य में हो रही देरी को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की साथ ही सीएम योगी से एक-एक करोड़ की अतिरिक्त धनराशि अवमुक्त किए जाने की मांग की। अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरी ने कहा है कि दीपावली के बाद अखाड़ों में साधु-संत आने शुरू हो जाएंगे लेकिन अभी तक यहां निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है।
हालांकि प्रशासन द्वारा आश्वासन दिया गया है कि 8 अखाड़ों का निर्माण कार्य 30 अक्टूबर तक और बाकी चार अखाड़ों का निर्माण कार्य 15 नवंबर खत्म कर दिया जाएगा। इसके अलावा परिषद ने यहां आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए मुफ्त बस सेवा और टोल टैक्स माफ करने की मांग प्रशासन के सामने रखी है।