चंदन गुप्ता के मामले में वायरल पोस्ट
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। नागरिकता संशोधन कानून को लेकर जामिया मिलिया यूनीवर्सिटी के छात्रों द्वारा किए जा रहे विरोध के दौरान हुए गोलीकांड से कासगंज में हलचल मच गई। गोलीकांड के आरोपी ने इस घटना को चंदन गुप्ता की मौत के बदले की पोस्ट बनाकर वायरल करते हुए सनसनी फैला दी। पोस्ट वायरल हुई और खबर मीडिया में चली तो सुगबुगाहट बढ़ गई और पुलिस सतर्क हो गई। हालांकि चंदन के परिवार ने गोलीकांड के आरोपी रामभक्त गोपाल से किसी प्रकार का संबंध नहीं बताया है।
हमें चाहिए आजादी के नारे लगा रहे जामिया मिलिया के एक छात्र को रामभक्त गोपाल नाम के युवक ने हाथ में गोली मार दी और गोली मारते ही फेसबुक पर लिखा कि यह पहला बदला चंदन के लिए है। इससे पहले भी 29 जनवरी को रामभक्त गोपाल ने चंदनभाई यह बदला तेरे लिए होगा कि पोस्ट लिखकर उसका फोटो शेयर किया। बृहस्पतिवार दोपहर को जामिया में घटना होने के बाद इस पोस्ट से कासगंज में सनसनी फैल गई। लोग चंदन गुप्ता के परिवार से संपर्क करने लगे। हालांकि चंदन गुप्ता के पिता सुशील गुप्ता और भाई विवेक गुप्ता ने रामभक्त गोपाल नाम के युवक से परिवार का कोई संबंध नहीं बताया। चंदन के भाई का कहना है कि उसके भाई चंदन के देश में कई फॉलोअर हैं। उनमें से ही कोई फॉलोअर रहा होगा, लेकिन इस नाम के युवक से कोई परिचय नहीं है। इधर पोस्ट को लेकर पुलिस भी सतर्क हो गई है और निगरानी बढ़ा दी है।