आगरा के वायुसेना स्टेशन परिसर के अजीत नगर गेट से दमोह के 18 वर्षीय राजू अहिरवार ने सीबीआई अधिकारी बनकर प्रवेश की कोशिश की। सुरक्षाकर्मी को फर्जी आईडी कार्ड दिखाया। युवक की हरकत पर सुरक्षाकर्मी को शक हो गया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी राजू लड़ाकू जहाज देखने की ख्वाहिश में अपने चाचा और मामा के साथ अधिकारी बनकर आया था। मामले में तीनों को केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया।
थाना शाहगंज के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार के मुताबिक, राजू से पूछताछ में पता चला कि वह दमोह के पूर्व रनेह स्थित वलाई का रहने वाला है। उसके पिता घंदू मजदूरी करते हैं। राजू कक्षा आठ पास है। घर में कंप्यूटर और प्रिंटर है। राजू ने पुलिस को बताया कि वह लड़ाकू विमान करीब से देखना चाहता था। इसलिए वायुसेना स्टेशन परिसर में जाना चाहता था। मगर, अंदर प्रवेश के लिए आईडी की जरूरत पड़ती है। उसने यूट्यूब पर देखा था कि सीबीआई अधिकारी कहीं भी प्रवेश कर जाते हैं। कोई रोकटोक नहीं होती है। इसलिए उसने अपने घर के कंप्यूटर से फर्जी आईडी कार्ड तैयार कर लिया। इसके बाद दमोह से आगरा आ गया। चाचा और मामा उसकी बातों में आ गए थे। इस कारण साथ चले आए थे। वह भी मजदूरी करते हैं।
डीसीपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि वायुसेना स्टेशन परिसर में एक युवक फर्जी सीबीआई अधिकारी बनकर घुसने का प्रयास कर रहा था। उसके साथ दो और लोग थे। तीनों को पकड़ लिया। वारंट अफसर की तहरीर पर केस दर्ज किया गया। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया था, जहां से जेल भेज दिए गए।