घिरोर (मैनपुरी)। थाना क्षेत्र के गांव न्यासी हड़ाई में बृहस्पतिवार की सुबह युवक का शव खेत में पड़ा मिला। युवक के ठोड़ी के पास गोली लगी थी, वहीं हाथ में तमंचा और पास ही मोबाइल पड़ा था। पुलिस जहां इसे खुदकुशी मान रही है। वहीं परिजन हत्या किए जाने की बात कह रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है।
थाना क्षेत्र के गांव न्यासी हड़ाई निवासी सोबरन सिंह यादव का 22 वर्षीय पुत्र छोटू उर्फ अजय कुमार का शव बृहस्पतिवार की सुबह घर से कुछ दूरी पर खेत में पड़ा मिला। जानकारी मिलते ही परिजन रोते बिलखते परिजन मौके पर पहुंच गए। उधर प्रभारी निरीक्षक पहलवान सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल को सील कर पुलिस ने जांच शुरू की। छोटू के ठोड़ी के पास गोली लगी थी, वहीं शव के पास मोबाइल पड़ा हुआ था, तमंचा छोटू के हाथ में लगा हुआ था। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है। मृतक के परिजन हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं। फोरेंसिक एक्सपर्टस की टीम ने घटनास्थल पर तमंचा से उंगलियों के निशान व मोबाइल कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
------
प्रथम दृष्टया मामला खुदकुशी का प्रतीत हो रहा है। पुलिस जांच कर रही है, तहरीर मिलने के बाद पुलिस मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई करेगी।
अशोक कुमार राय, एसपी