मैनपुरी। जिले में यूपी बोर्ड परीक्षा के दौरान फर्जी परीक्षार्थियों की संख्या बढ़ती जा रही है। बुधवार को हाईस्कूल अंग्रेजी की परीक्षा में एक युवक को छोटे भाई की जगह परीक्षा देते हुए पकड़ा गया। युवक को केंद्र व्यवस्थापक की तहरीर पर जेल भेजा गया है।
बुधवार को सुबह प्रथम पाली में यूपी बोर्ड हाईस्कूल अंग्रेजी विषय की परीक्षा थी। परीक्षा के दौरान महावीर इंटर कॉलेज जौहरी नगर में कक्ष निरीक्षक को छात्र रिंकू कुमार पुत्र राजेश कुमार के स्थान पर परीक्षा दे रहे युवक पर शक हुआ। कक्ष निरीक्षक ने इसकी जानकारी आंतरिक सचलदल को दी। केंद्र व्यवस्थापक सतीश चंद्र ने छात्र से पूछताछ की तो उसने सच बता दिया। युवक ने अपना नाम दीपक कुमार उर्फ भूरे पुत्र राजेश कुमार बताया।
दीपक ने बताया कि वह अपने छोटे भाई रिंकू कुमार के स्थान पर परीक्षा दे रहा है। केंद्र व्यवस्थापक ने दीपक द्वारा अपने भाई की परीक्षा देने की जानकारी जिला विद्यालय निरीक्षक और कंट्रोल रूम को दी। केंद्र व्यवस्थापक ने दीपक के विरुद्ध थाना दन्नाहार में तहरीर देते हुए उसे पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने दोपहर बाद दीपक का चालान कर जेल भेज दिया। प्रभारी थानाध्यक्ष दन्नाहार जैकव फर्नाडीज ने बताया कि केंद्र व्यवस्थापक की तहरीर पर छात्र को जेल भेजा गया है। पूर्व में इंटरमीडिएट जीवविज्ञान की परीक्षा के दौरान चार अप्रैल को द्वितीय पाली में डीएवी इंटर कॉलेज घिरोर से एक युवक चाचा की जगह परीक्षा देते हुए पकड़ा गया था। उसे भी जेल भेजा गया था।
हाईस्कूल अंग्रेजी की परीक्षा में महावीर इंटर कॉलेज जौहरी नगर पर एक युवक को अपने भाई की जगह परीक्षा देते हुए पकड़ा गया है। युवक के विरुद्ध केंद्र व्यवस्थापक ने रिपोर्ट दर्ज करा दी है।
मनोज कुमार वर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक