किरावली। थाना क्षेत्र के मौनी बाबा आश्रम इलाके में आपसी रंजिश और मामूली विवाद में हमलावरों ने एक युवक को घेर लिया और ईंट-पत्थरों से प्रहार कर उसे मरणासन्न कर दिया। घायल युवक को लहूलुहान हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।
मौनी बाबा आश्रम निवासी शिव कुमारी पत्नी ओमप्रकाश ने थाने में दी तहरीर में बताया कि उनके देवर गुड्डू को गली में विष्णु, प्रदीप, बुल्लन और उसकी पत्नी अंजलि ने रोक लिया। गुड्डू को भद्दी-भद्दी गालियां दीं। विरोध करने पर ईंट और पत्थरों से गुड्डू के सिर और शरीर पर ईंटों से ताबड़तोड़ प्रहार किए, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा। हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। परिजन ने घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने शिव कुमारी की तहरीर पर चारों आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी का कहना है कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है। संवाद