वृंदावन के ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए एक युवक ने मंदिर में खुलेआम ड्रोन उड़ाया। इसकी भनक लगते ही मंदिर प्रबंधन और श्रद्धालुओं में खलबली मच गई। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस को तहरीर दी गई है। जब ड्रोन उड़ाया गया, उस वक्त कुछ देर के लिए मंदिर के पट बंद कर दिए गए थे।
पिछले कई दिनों से बांकेबिहारी मंदिर में भीड़ का दबाव है। सोमवार दोपहर को मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने ड्रोन उड़ता देखा। इससे मंदिर परिसर में खलबली मच गई। ड्रोन काफी देर तक परिसर के इस छोर से उस छोर तक उड़ता रहा। जब तक मंदिर में तैनात निजी सुरक्षाकर्मी कुछ समझ पाते ड्रोन को उतार लिया गया। सेवायतों ने इस हरकत के दौरान मंदिर के पट कुछ देर के लिए बंद कर दिए थे।
बांकेबिहारी मंदिर परिसर में ड्रोन उड़ाने की घटना को मंदिर प्रबंधन ने गंभीरता से लिया है। प्रबंधक मुनीश शर्मा ने बताया कि मंदिर में बिना अनुमति के ड्रोन उड़ाने वाले युवक की सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचान कर ली गई है। उसका नाम अखिल गोस्वामी है। उसके खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई है।