मैनपुरी के अजीतगंज में मंगलवार सुबह युवका का शव पेड़ पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। गांव वालों ने मामले की जानकारी परिजनों के साथ ही पुलिस को भी दी। मृतक युवक दिल्ली में नौकरी करता था, जो बीती रात ही वहां से गांव वापस आया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव रतनपुर किरकीच निवासी विजेंद्र सिंह शाक्य का 26 वर्षीय पुत्र दीपक उर्फ दीपेंद्र दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता था। मंगलवार सुबह उसका शव गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर खेतों में खड़े नीम के पेड़ पर लटकता मिला। ग्रामीणों ने सूचना परिजनों व थाना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। ग्रामीणों का कहना है कि दीपक सोमवार रात गांव पहुंचा था, लेकिन अपने घर नहीं गया। रात में उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
वहीं परिजनों के अनुसार उसकी दिमागी हालत अच्छी नहीं थी जिससे वह परेशान सा रहता था। उसने फांसी क्यों लगाई इस बारे में कोई भी कुछ कहने की स्थिति में नहीं है। थानाध्यक्ष सुनील कुमार भारद्वाज ने बताया कि शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।