मैनपुरी के करहल थाना क्षेत्र के एक मोहल्ला की रहने वाली युवती को एक युवक ने ब्लैकमेल कर घर में चोरी करने पर मजबूर कर दिया। चोरी का पता लगने के बाद जब परिजनों ने युवती से पूछा तो उसने युवक की करतूत के बारे में बताया। पीड़िता के परिवार ने आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है। इस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला निवासी व्यक्ति द्वारा थाने में तहरीर दी गई है। उसने बताया कि 29 मई को उनके साले की बीमार पुत्री मेडिकल कॉलेज सैफई में भर्ती थी। वह लोग उसे देखने के लिए गए थे। रात में उसकी मृत्यु हो गई। यहां घर पर पुत्री अकेली थी। जब जानकारी हुई तो वह भी रात को अपनी एक सहेली के भाई के साथ बाइक से मेडिकल कॉलेज आ गई।
आरोपी ने बदनाम करने की दी थी धमकी
भतीजी का अंतिम संस्कार करने के बाद जब सभी लोग घर वापस आ गए तो मोहल्ला निवासी आरोपी युवक ने पुत्री से कहा कि वह रात में किसी लड़के के साथ बाइक से घूम रही थी। अगर उसे रुपये नहीं दिए तो वह यह बात मोहल्ले के लोगों को बता देगा, जिससे उसकी पूरे मोहल्ले में बदनामी होगी। डर की वजह से युवती ने अपनी मां की अंगूठी चुरा कर दे दी। कुछ दिन बाद आरोपी ने फिर ब्लैकमेल किया। इस बार पीड़ित युवती ने अपने चाचा की अंगूठी चोरी कर दे दी।
आरोपी अब घर के चक्कर काटने लगा, जिससे युवती दहशत में रहने लगी, लेकिन उसने घर पर किसी को कुछ भी नहीं बताया। 10 जून को उनके घर से भांजी का मोबाइल आरोपी ने चोरी कर लिया। जब घर से अंगूठी चोरी होने की जानकारी हुई तो पुत्री से पूछताछ की। तब उसने आरोपी द्वारा ब्लैकमेल किए जाने की बात बताई। मामले में तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।