कासगंज। पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल के यात्रियों को यात्रा टिकट आसानी से उपलब्ध हो सके इसके लिए रेल मंत्रालय ने यूटीएस (अनारक्षित टिकट प्रणाली) मोबाइल एप लांच किया है। इस मोबाइल एप से यात्रियों को अब टिकट विंडो पर लाइन नहीं लगानी होगी। वह स्वयं ही टिकट को ऑन लाइन भुगतान कर डाउनलोड कर सकेंगे।
जनसंपर्क अधिकारी इज्जतनगर मंडल राजेंद्र सिंह ने बताया कि यूटीएस मोबाइल एप द्वारा अनारक्षित टिकट बनाने में काफी सहूलियत होगी। यूटीएस मोबाइल एप के उपयोग से यात्री को यात्रा टिकट प्राप्त करने के लिए लंबी कतार में लगने से निजात मिलेगी।
यह एप उपयोगकर्ताओं को विभिन्न डिजिटल भुगतान विकल्पों जैसे रेल वॉलेट, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिग, यूपीआई तथा ई-वॉलेट का उपयोग करके अनारक्षित टिकट बुक कर सकेंगे। रेल वॉलेट के यूजर्स को रिचार्ज पर 5 प्रतिशत बोनस भी प्राप्त होगा। यूटीएस एप को प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता हैं। मासिक टिकट व प्लेटफार्म टिकट भी एप के माध्यम से ली जा सकेंगी।