मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को टूंडला आ रहे हैं। वो यहां ठाकुर बीरी सिंह इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित लाभार्थी सम्मेलन में 14227.93 लाख रुपये लागत की योजनाओं की आधारशिला रखेंगे और 39051.52 लाख रुपये के 61 विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे। वो दो घंटे आयोजन स्थल पर रहेंगे।
विज्ञापन
टूंडला विधानसभा उपचुनाव से पूर्व मुख्यमंत्री का यह कार्यक्रम सियासी नजरिए से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। लाभार्थी सम्मेलन के बाद मुख्यमंत्री यहां भाजपा के पदाधिकारियों और उपचुनाव के लिए बनी कोर कमेटी से भी मंत्रणा करेंगे। वहीं योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम को लेकर भाजपाइयों में खासा उत्साह है।
मिनट टू मिनट कार्यक्रम
मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर दोपहर 3.15 बजे वीरी सिंह इंटर कॉलेज मैदान पर उतरेगा।
3 बजकर 25 मिनट पर कार्यस्थल पर पहुंचेंगे।
3:30 से 4:30 बजे तक विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास करेंगे।
04:30 से 05:10 मिनट तक पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में प्रतिभाग करेंगे।
शाम 05:10 मिनट पर टूंडला से लखनऊ रवाना होंगे।
लाभार्थियों को देंगे प्रमाणपत्र
कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के करीब 3500 लाभार्थियों पहुंचेंगे। लाभार्थियों को कार्यक्रम स्थल तक लाने और ले जाने के लिए प्रशासन ने ब्लॉक परिसर में 120 बसों की व्यवस्था की है। टूंडला 50, नारखी में 40, फिरोजाबाद में 20, शिकोहाबाद में पांच, हाथवंत अरांव, मदनपुर, एका एवं जसराना ब्लॉक परिसर में एक-एक बस की व्यवस्था की गई है।
कार्यक्रम स्थल पर लगेंगे 16 विभागों के स्टॉल
सरकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य, आयुष, शिक्षा, उद्योग, पंचायतीराज, कृषि व उद्यान, मत्स्य, पशुपालन, महिला कल्याण, खादी ग्रामोद्योग, बाल विकास, जलनिगम, लोकनिर्माण एवं नगर निगम अपने स्टॉल लगवाएंगे।
तैयारियों में जुटे रहे
अधिकारी विकास भवन में शुक्रवार को अधिकारी सुबह से शाम तक विकास कार्यों का डाटा तैयार करते दिखे। विभिन्न विभागों और जिला अर्थ व संख्याधिकारी कक्ष में अधिकारी व कर्मचारी डाटा अपडेट करने में जुटे रहे। सीडीओ नेहा जैन ने सभी कार्यों की मॉनीटरिंग व विभागाध्यक्षों को जरूरी निर्देश दिए।
पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर छह अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों की तैनाती के साथ ही 200 निरीक्षक व उपनिरीक्षक सभा स्थल व आसपास तैनात रहेंगे। चार कंपनी पीएसी बल के अतिरिक्त 700 हेड कांस्टेबल, कांस्टेबल तैनात किए हैं।
एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह ने बताया सभा स्थल पर बने ब्लॉकों में सिर्फ पास धारकों को ही जाने की अनुमति दी जाएगी। शिलान्यास के बाद मुख्यमंत्री टूंडला विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा के नियुक्त किए जिले के चुनाव संचालन पदाधिकारियों की बैठक करेंगे।
आंगनबाड़ी का प्रदर्शन रोकने को नोटिस जारी
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के 14 सितंबर को टूंडला स्थित वीरी सिंह इंटर कॉलेज के मैदान में प्रस्तावित धरना प्रदर्शन को लेकर जिला कार्यक्रम विभाग अलर्ट है। डीपीओ ने सभी सीडीपीओ को ऐसे कार्यकर्ताओं को चिह्नित कर कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।