आगरा कॉलेज मैदान पर आयोजित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के 65 वें राष्ट्रीय अधिवेशन में सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या पर आए फैसले से दुनिया ने हमारे लोकतंत्र और न्यायपालिका की ताकत देखी है।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग कहते थे कि खून की नदियां बह जाएंगी, यहां एक मच्छर तक नहीं मरा। देश ने मानवता, शांति और सौहार्द की मिसाल प्रस्तुत की है। संदेश दिया है कि अगर दुश्मन आंख टेढ़ी करेगा, तो उसे मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
41 मिनट के संबोधन में मुख्यमंत्री योगी ने अयोध्या फैसले पर कहा कि कुछ लोगों ने जबरदस्ती विवाद बना रखा था, उच्चतम न्यायालय ने 500 साल के विवाद को 45 मिनट के फैसले में समाप्त कर दिया। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने महाराष्ट्र के युवक सागर रेड्डी को एबीवीपी का यशवंत राव केलकर पुरस्कार दिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री ने कहा कि कश्मीर से अनुच्छेद 370 को समाप्त कर आतंक की विषबेल को खत्म कर दिया गया है। प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने दृढ़ इच्छाशक्ति से दिखाया है कि हमारे लिए दल से बड़ा देश है। कुछ लोग कहते थे कि 370 को हटाया तो ये हो जाएगा, वो हो जाएगा, क्या हुआ, तिनका तक नहीं हिला।
'अयोध्या में भव्य दिवाली आयोजन से आया निवेश'
योगी ने कहा कि अयोध्या में दिवाली के भव्य आयोजन से निवेश आ रहा है। दक्षिण कोरिया के प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मिलकर कहा कि 2000 साल पहले उनकी जो राजमाता थीं, वे अयोध्या की राजकुमारी थीं। आज यूपी में सबसे ज्यादा निवेश दक्षिण कोरिया कर रहा है।
'राष्ट्र विरोधी ताकतों के मंसूबों को नाकाम करे एबीवीपी'
योगी ने जेएनयू प्रकरण का जिक्र किए बगैर एबीवीपी के कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि समाज विरोधी, राष्ट्र विरोधी ताकतें सक्रिय हैं, उनके मंसूबों को नाकाम करें। उन्होंने कहा कि विपक्ष के दांव फेल हो चुके हैं, अब नए हथकंडे अपनाएगा, सावधान रहें। छात्रशक्ति ही राष्ट्र की ऊर्जा शक्ति है।
'खुद को कैंपस तक सीमित न रखें'
योगी आदित्यनाथ के संबोधन के दौरान उत्साहित हुए कार्यकर्ता
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छात्रों से आह्वान किया कि वो अपने आपको कैंपस तक सीमित न रखें, बल्कि राष्ट्र के ज्वलंत मुद्दों पर नजर रखें। एबीवीपी के पदाधिकारियों को चाहिए कि वे राष्ट्र और समाजविरोधी ताकतों को जवाब देने के लिए रुपरेखा तैयार करें।
उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों ने जो संघर्ष किया था, जो राह दिखाई थी, हम सब उससे हटे नहीं, डिगे नहीं, झुके नहीं। इसलिए सफलता तो मिलनी ही थी। हम सबकी जिम्मेदारी नये सिरे से फिर से प्रारंभ होती है। किसी भी प्रकार की समाज और राष्ट्र विरोधी तत्वों के मंसूबों पर पानी फेरने का काम एबीवीपी करेगा।
उन्होंने कहा कि रचनात्मक और सकारात्मक ऊर्जा से ओतप्रोत दुनिया का सबसे बड़ा छात्र संगठन जिन कार्यों व उद्देश्यों के लिए स्थापित किया गया था, निरंतर अपने मूल्यों और आदर्शों पर अडिग होकर सम-विसम परिस्थितियों में लड़ाई लड़ते हुए आगे बढ़ रहा है।