आगरा। भीषण गर्मी में रविवार को कालिंदी विहार स्थित मैदान पर खेले गए मैच में स्प्रिंगडेल क्रिकेट अकादमी के युवा बल्लेबाज योगेश राजौरिया गेंदबाजों पर जमकर बरसे। उन्होंने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 23 गेंदों में शतक जड़ दिया। कालिंदी क्रिकेट अकादमी के खिलाफ खेले गए टी-20 अभ्यास मैच में योगेश ने 15 छक्कों और चार चौकों की मदद से 111 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी बल्लेबाजी के दम पर स्प्रिंगडेल क्रिकेट अकादमी ने 293 रन बनाए और 178 रन के बड़े अंतर से मैच जीत लिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी स्प्रिंगडेल क्रिकेट अकादमी के बल्लेबाज शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज में नजर आए। योगेश राजौरिया ने मैदान के हर कोने में शॉट लगाए और कालिंदी के गेंदबाजों को संभलने का कोई मौका नहीं दिया। योगेश के अलावा सुमित कुमार ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 64 रन बनाए। अनिल यादव ने 27 और ओम मिश्रा ने 26 रन का योगदान दिया। स्प्रिंगडेल क्रिकेट अकादमी ने 20 ओवर में 293 रन बनाए। कालिंदी क्रिकेट अकादमी की ओर से वैभव शर्मा ने तीन विकेट हासिल किए, जबकि प्रवीण यादव को दो सफलताएं मिलीं।
294 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी कालिंदी क्रिकेट अकादमी की टीम शुरुआत खराब रही। टीम के बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं बना सके और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। कालिंदी की पूरी टीम 14.4 ओवर में 115 रन बनाकर सिमट गई। टीम की ओर से लोकेश ने सर्वाधिक 21 रन बनाए, जबकि जतिन ने 19 रन का योगदान दिया।
स्प्रिंगडेल क्रिकेट अकादमी के गेंदबाज कृतार्थ जैन और ध्रुव चौहान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन-तीन विकेट झटके। मैच के बाद अकादमी के कोच परवेंद्र यादव ने योगेश राजौरिया की बल्लेबाजी की सराहना की।