सर्जिकल स्ट्राइक से बढ़ा देश का मान: यतींद्रानंद गिरि
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सर्जिकल स्ट्राइक से देश का मान बढ़ा है। जनता के बीच संदेश गया है कि देश की सेना दुश्मन को हर तरह से जवाब देने में सक्षम है। इस मामले में किसी को भी राजनीति का हक नहीं है। यह कहना है जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर यतींद्रानंद गिरी जी महाराज का। डा. एमपीएस स्कूल में संक्षिप्त प्रवास के दौरान अमर उजाला से विशेष बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक और राम मंदिर के मामले में किसी को भी राजनीति नहीं करनी चाहिए।
यतींद्रानंद गिरि जी महाराज ने कहा कि कश्मीर की समस्या के हल के लिए जरूरी है कि धारा 370 खत्म की जाए। कुछ लोग धारा 370 की आड़ में मिल रही सहूलियतों का लाभ उठाने को वहां अलगाववाद को बढ़ावा दे रहे हैं।
तीन तलाक के मसले पर महामंडलेश्वर ने कहा कि तीन तरह के कानून होते हैं एक वह जिसमें व्यक्ति जन्म लेता है और उस जाति के कानूनों का पालन करना पड़ता है। दूसरा जिस धर्म में वह पैदा हुआ उसके कानूनों का पालन पड़ता है तीसरा राष्ट्र का कानून। तीन तलाक का मुसलिम महिलाओं ने विरोध किया है। इसका समाधान मुसलिम धर्म गुरु निकालें तो बेहतर है। यह मामला मुसलिम महिलाओं के हक से जुड़ा है। यदि वह इसका समाधान निकालने में समक्ष नहीं हैं तो महिलाओं के हक के लिए राष्ट्र के कानून का सम्मान करें।
धर्म के नाम पर खुल रही दुकानों के प्रश्न पर महामंडलेश्वर ने कहा कि तंत्र, मंत्र और ज्योतिष के नाम पर जो दुकानें खुली हैं, वे बंद हों। शंकराचार्यों और महामंडलेश्वरों को सनातन धर्म का संविधान बनाना चाहिए, जिससे धर्म के नाम पर जनता को गुमराह करने वालों पर रोक लग सके। विधानसभा चुनाव से पहले अयोध्या में बढ़ रही राजनीतिक सरगर्मी के संबंध में उन्होंने कहा कि वहां राम का मंदिर बनना चाहिए न कि राम के नाम राजनीति हो।